Site icon 24 News Update

तेल से भरा टैंकर पलटा, ड्राइवर कैबिन में फंसा रहा, लोग सरसों के तेल पर टूट पड़े

Advertisements

24 News Update उदयपुर। मानवता लगता है अब बची ही नहीं है। मुसीबत में फंसे व्यक्ति की मदद करना तो दूर, यहां तो लोग उसी को लूटने के लिए आतुर हो गए। गोगुंदा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक अजीब और चिंताजनक दृश्य देखने को मिला, जहां एक ओर सड़क किनारे पलटे टैंकर में ड्राइवर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था, वहीं दूसरी ओर आसपास के गांवों से पहुंचे लोग बहते सरसों के तेल को बर्तनों में भरने की होड़ में लग गए। हादसा नेशनल हाईवे-27 पर कीर्तिराज होटल के पास सुबह करीब आठ बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार गुजरात के कांडला से मध्यप्रदेश के नीमच की ओर सरसों का तेल लेकर जा रहा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टैंकर पलटते ही उसका चालक भाई ठाकुर (40) निवासी पालनपुर, गुजरात कैबिन में बुरी तरह फंस गया और घायल हो गया।
हादसे के बाद टैंकर में भरा तेल सड़क किनारे बहने लगा। कुछ ही देर में आसपास के गांवों में खबर फैल गई और सैकड़ों लोग बाल्टियां, ड्रम और खाली बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। इस दौरान घायल चालक को बाहर निकालने के बजाय लोगों में तेल भरने की होड़ मच गई, जिससे हालात अव्यवस्थित हो गए।
सूचना मिलने पर गोगुंदा थाना पुलिस के उपनिरीक्षक हितेश यादव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया और फिर कैबिन में फंसे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा ढलान वाले हिस्से में टैंकर को न्यूट्रल करने के कारण हुआ माना जा रहा है। नियंत्रण खोने के बाद टैंकर चट्टान से टकराकर सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को सड़क किनारे खड़ा करवाया और यातायात को सुचारू किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस मामले में उन लोगों को भी दंड दिया जाना चाहिए जो तेल लूटने मौके पर पहुंचे थे।

Exit mobile version