24 News Update निम्बाहेड़ा (कविता पारख)। शहर के समीप स्थित गंभीरी डेम के मुख्य गेट पर रविवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां नहाने गए मामा-भांजी की डूबने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भांजी पलक डेम की सीढ़ियों पर बैठकर नहा रही थी। इसी दौरान सीढ़ियों पर पानी अधिक होने और फिसलन के कारण उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। भांजी को डूबता देख मामा कन्हैयालाल भील उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में उतरे, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं होने से वह भी डूब गए।
घटना की जानकारी तब लगी जब किनारे पर कपड़े पड़े दिखाई दिए, जिससे आशंका हुई कि कोई पानी में डूब गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और Civil Defence Chittorgarh की गोताखोर टीम को बुलाया गया।
गोताखोरों ने करीब 20–25 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बाहर निकाले। टीम के सदस्य राज कुमार बोई ने बताया कि भांजी पलक का शव देसी जुगाड़ से बने लोहे के हेंगर के सहारे निकाला गया, जबकि कन्हैयालाल भील को लगभग 12–15 फीट गहराई में गोता लगाकर बाहर लाया गया।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।सिवील डिफेंस टीम राज कुमार बोई,राम कुमार बोई,पवन शर्मा,डाल चन्द्र बोई आदि ने काफी प्रयास कर दोनौ के शव नदी में से बहार निकल कर लाये।पुलिस जाब्ता भी मौके पर मौजूद रहा और आवश्यक कार्रवाई में जुटा रहा।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।
निम्बाहेड़ा में दर्दनाक हादसा: गंभीरी डेम में डूबने से मामा-भांजी की मौत

Advertisements
