Site icon 24 News Update

राजस्व लक्ष्य पूरा करने के लिए परिवहन विभाग सख्त, 31 मार्च तक शनिवार-रविवार भी खुला रहेगा शाहपुरा परिवहन कार्यालय

Advertisements

24 News Update शाहपुरा (भीलवाड़ा) . में वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतिम चरण में राजस्व लक्ष्य की पूर्ति को लेकर जिला परिवहन विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। वाहन कर वसूली को प्रभावी बनाने और वाहन स्वामियों को सुविधा देने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय शाहपुरा अब 31 मार्च तक शनिवार और रविवार को भी नियमित रूप से खुला रहेगा।
जिला परिवहन अधिकारी अनिल कायथ ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले अधिक से अधिक राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वाहन स्वामियों को समय पर वाहन कर जमा कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है तथा बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही
15 मार्च तक एडवांस टैक्स जमा कराने की अंतिम तिथि
परिवहन अधिकारी ने बताया कि एडवांस वाहन कर जमा कराने की अंतिम तिथि 15 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इस तिथि तक कर जमा नहीं कराने वाले वाहन स्वामियों पर नियमों के अनुसार 1.5 प्रतिशत से 3 प्रतिशत तक पेनल्टी लगाई जाएगी। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक वाहन स्वामी समय रहते कर जमा करा दें, ताकि उन्हें अतिरिक्त जुर्माने से बचाया जा सके।
बकायादार वाहनों पर कड़ी कार्रवाई
परिवहन विभाग द्वारा बकाया कर की वसूली के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई: जिन वाहनों के चालान लंबित हैं या जो माइनिंग विभाग के ई-रवाना से जुड़े हुए हैं और जिनका कर बकाया है, ऐसे वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया जा रहा है।
उड़नदस्तों की सक्रियता: सड़कों पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले सीईवी (Construction Equipment Vehicles) की भी जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों पर 15 गुना तक शास्ति लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
अंतिम दिनों में बढ़ जाता है सर्वर लोड
परिवहन विभाग के अनुसार हर वर्ष वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में बड़ी संख्या में वाहन स्वामी कर जमा कराने पहुंचते हैं, जिससे ऑनलाइन सर्वर पर अधिक लोड और तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं। ऐसे में विभाग ने वाहन स्वामियों से समय रहते कर जमा कराने की अपील की है।
वाहन स्वामियों से विभाग की अपील
जिला परिवहन अधिकारी अनिल कायथ ने सभी वाहन स्वामियों से आग्रह किया है कि वे 15 मार्च से पहले अपना वाहन कर जमा कर दें, ताकि अनावश्यक पेनल्टी और अंतिम समय की परेशानियों से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से कर वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा और बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

Exit mobile version