24 News Update उदयपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। शाम से शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही। तेज हवाओं और बिजली कड़कने के कारण जनजीवन प्रभावित रहा, जबकि कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। शाम करीब 5:30 बजे उदयपुर शहर में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके बाद अंधड़ और बारिश ने रफ्तार पकड़ ली। हवा की गति करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिससे सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया। कई लोग बारिश में भीगते हुए दोपहिया वाहनों से आते-जाते नजर आए।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक असर
दोपहर 3 बजे बाद मौसम बदलना शुरू हुआ। पहले आसमान में घने बादलों ने डेरा डाला और फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। बाद में शहर में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया।
देबारी से डबोक के बीच उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे पर शाम साढ़े चार बजे बहुत तेज बारिश हुई। वहीं मावली से डबोक तक भी कई जगह बारिश दर्ज की गई।
बिजली व्यवस्था फिर हुई चरमराई
बारिश और तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होने से पहले ही कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई थी। शहर में लगातार बिजली ट्रिपिंग और बार-बार कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और ज्यादा खराब रहे। मावली ब्लॉक में एक दिन पहले हुई बारिश और आंधी से बिजली के पोल और पेड़ तारों पर गिर गए, जिससे कई इलाकों में पूरी रात अंधेरा छाया रहा। मावली स्कूल से लेकर नाथद्वारा रोड तक बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा।
तापमान में गिरावट, मौसम हुआ सुहाना
तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री गिरकर 37.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 27 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे गर्म रात रही।
आंधी-बारिश से बदला उदयपुर का मौसम, कई इलाकों में बिजली गुल; गांवों में उपकरण जले, गाय की मौत

Advertisements
