24 News Update जयपुर। जयपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर बेंच को गुरुवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। हाईकोर्ट प्रशासन को ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी गई, जो पिछले साढ़े तीन से चार महीनों में 9वीं बार सामने आई है।
धमकी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे हाईकोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली गई। हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा जांच के चलते हाईकोर्ट की नियमित न्यायिक कार्यवाही करीब आधे घंटे देरी से सुबह 11 बजे शुरू हो सकी।
गौरतलब है कि शुक्रवार को देश के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत जयपुर दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे एक साइबर सिक्योरिटी सेमिनार का उद्घाटन करेंगे। ऐसे समय में हाईकोर्ट को लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
चार महीने में 9 धमकियां
जानकारी के अनुसार, पहली बार 31 अक्टूबर 2025 को हाईकोर्ट प्रशासन को धमकी भरा मेल मिला था। इसके बाद 5 दिसंबर, 8, 9, 10 और 11 दिसंबर 2025 को लगातार धमकियां आईं। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 6 फरवरी और 17 फरवरी को भी इसी तरह के ई-मेल भेजे जा चुके हैं।
साइबर जांच बनी चुनौती
साइबर लॉ विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की धमकियों में अक्सर वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे ई-मेल भेजने वाले का आईपी एड्रेस बार-बार बदलता रहता है। इससे जांच कठिन हो जाती है, लेकिन पूरी तरह असंभव नहीं। वीपीएन सेवा देने वाली कंपनियों के पास तकनीकी डेटा उपलब्ध रहता है, जिसे कानूनी प्रक्रिया के जरिए हासिल कर आरोपी तक पहुंचा जा सकता है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.