Site icon 24 News Update

सीएम हाउस में गूंजी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज की आवाज, बहुमंजिला भवन को लेकर मिली सहमति

Advertisements

जयपुर/उदयपुर। त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचा, जहां समाज के बहुप्रतीक्षित बहुमंजिला भवन निर्माण प्रकल्प को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भेंट कर न केवल प्रस्तावित भवन योजना का खाका रखा, बल्कि समाज द्वारा युवाओं में संस्कार, संयम और संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की भी जानकारी दी।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं संभागीय संयोजक चंद्रशेखर जोशी और राष्ट्रीय संयोजक भूपेंद्र पंड्या के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को उदयपुर में प्रस्तावित भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। इस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आमंत्रण स्वीकार किया।

बैठक में समाज की भावी योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई, जिसमें युवाओं को जोड़ने और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस दौरान राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष विनोद पांडे, डॉ. शैलेन्द्र पंड्या, दीपक मेहता, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल पंड्या और कोषाध्यक्ष रविन्द्र उपाध्याय सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

समाज के प्रतिनिधियों में इस पहल को लेकर उत्साह है और अब नजरें भूमि पूजन कार्यक्रम पर टिकी हैं, जिसे समाज के लिए एक बड़े मील के पत्थर के रूप में देखा जा रहा है।

Exit mobile version