24 News Udpate उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के यूजीसी महिला अध्ययन केंद्र की ओर से ‘मंडला: प्लीजेंटली इंक्लूसिव 2026’ उत्सव का आयोजन 9 मार्च से किया जाएगा। सप्ताहभर चलने वाले इस उत्सव में लैंगिक समानता, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक समावेशिता से जुड़े कई शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आमजन में महिला अधिकारों, लैंगिक संवेदनशीलता तथा समावेशी समाज की अवधारणा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के तहत शोध पत्र लेखन कार्यशाला, जेंडर वॉक, साहित्यिक आयोजन, फिल्म स्क्रीनिंग, कार्यशाला, जेंडर मेला और सांस्कृतिक संध्या जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
शोध पत्र लेखन कार्यशाला से होगी शुरुआत
उत्सव की शुरुआत 9 मार्च को दो दिवसीय शोध पत्र लेखन कार्यशाला से होगी। यह कार्यशाला विशेष रूप से युवा शोधकर्ताओं और आदिवासी विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों में शोध लेखन की समझ और कौशल विकसित करना है। यह कार्यशाला महिला अध्ययन केंद्र, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय और माणिक्य लाल वर्मा जनजातीय शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी।
‘जेंडर वॉक’ से होगा लैंगिक संवेदनशीलता का विश्लेषण
11 मार्च को भूगोल विभाग, यूसीएसएसएच, सुविवि के सहयोग से ‘जेंडर वॉक: जाने क्या दिख जाए’ का आयोजन किया जाएगा। यह वॉक हाथीपोल से शुरू होकर गुलाब बाग और गणगौर घाट से होते हुए फतहसागर पर समाप्त होगी। इस दौरान विद्यार्थी पर्यटन स्थलों पर लैंगिक संवेदनशीलता का अध्ययन करते हुए सर्वे, सोशल एक्सपेरिमेंट और काउंटर मैपिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता फैलाएंगे।
इसी दिन शाम को जाजम कैफे, उदयपुर के सहयोग से साहित्यिक कार्यक्रम ‘मौन–मुग्ध काव्य: एकांत की कुछ उजली कविताएं’ आयोजित किया जाएगा।
‘मर्दानी 3’ की स्क्रीनिंग और POSH पर कार्यशाला
12 मार्च को बाप्पा रावल सभागार, गोल्डन जुबली गेस्ट हाउस, सुविवि में फिल्म ‘मर्दानी 3’ की स्क्रीनिंग की जाएगी। यह फिल्म मानव तस्करी, भिखारी माफिया और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों जैसे संवेदनशील मुद्दों को उजागर करती है।
13 मार्च को पॉश (POSH) अधिनियम 2013 — कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध और निवारण — विषय पर कार्यशाला आयोजित होगी। यह कार्यशाला जतन संस्थान, उदयपुर और विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के सहयोग से होगी।
जेंडर मेला और सांस्कृतिक संध्या के साथ समापन
14 मार्च को महिला अध्ययन केंद्रों के क्षमता निर्माण विषय पर क्षेत्रीय संवाद आयोजित किया जाएगा। इसी दिन सुबह 11 बजे से जेंडर मेला भी लगाया जाएगा, जिसमें विभिन्न स्टॉल और गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
सप्ताहभर चलने वाले इस उत्सव का समापन एक सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा, जिसमें शहर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही उदयपुर की उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने समाज में उल्लेखनीय कार्य कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।
कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी महिला अध्ययन केंद्र के इंस्टाग्राम पेज @cws_mlsu_udaipur पर भी प्राप्त की जा सकती है।

