24 News Update भीलवाड़ा। सदर थाना प्रभारी (सीआई) लोकपाल सिंह की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली ने एक पुलिस अधिकारी की जिंदगी छीन ली। मंगलवार शाम ड्यूटी पर रवाना होने की तैयारी के दौरान हुए इस हादसे के बाद उन्हें बचाने के लिए पुलिस और डॉक्टरों ने पूरी ताकत झोंक दी। भीलवाड़ा से उदयपुर तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, 157 किलोमीटर का सफर रिकॉर्ड समय में तय कराया गया, लेकिन तमाम कोशिशें नाकाम रहीं। बुधवार तड़के उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम थाना क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी लगाई जानी थी। रवाना होने से कुछ देर पहले सीआई लोकपाल सिंह ने अपने अधीनस्थ सब-इंस्पेक्टर को फोन कर वाहन तैयार रखने के लिए कहा था। इसके बाद वह वर्दी पहनने और सर्विस रिवॉल्वर साथ लेने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक रिवॉल्वर से फायर हो गया। गोली उनकी कनपटी में लगी और सिर को चीरते हुए आर-पार निकल गई। धमाके की आवाज सुनते ही घर में मौजूद पत्नी दौड़कर बाहर आईं और तत्काल पुलिस व परिजनों को सूचना दी।गंभीर रूप से घायल लोकपाल सिंह को पहले भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल और फिर रामस्नेही अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बताते हुए तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर भीलवाड़ा से उदयपुर तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया। हाईवे पर यातायात रोका गया और रास्ते में पड़ने वाले हर थाना क्षेत्र की पुलिस ने एंबुलेंस को एस्कॉर्ट करते हुए सुरक्षित निकाला। आईसीयू एंबुलेंस महज 95 मिनट में 157 किलोमीटर की दूरी तय कर उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल पहुंची।अस्पताल में न्यूरो और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम ने उन्हें तत्काल वेंटिलेटर सपोर्ट पर लिया। सिर में गोली आर-पार होने से मस्तिष्क को गंभीर क्षति पहुंची थी। करीब आठ घंटे तक चले उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं आया और बुधवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।38 वर्षीय लोकपाल सिंह मूलतः अजमेर जिले के विजयनगर क्षेत्र के नादसी गांव के निवासी थे। उनके परिवार में माता-पिता और तीन भाई हैं। पहली पत्नी से उनका तलाक हो चुका था और करीब दो माह पहले ही उन्होंने दूसरा विवाह किया था।सीआई लोकपाल सिंह के निधन की खबर से भीलवाड़ा और अजमेर पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। साथी अधिकारियों और जवानों ने इसे पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे सर्विस रिवॉल्वर से हुई आकस्मिक फायरिंग माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation परिवर्तनकारी मंगलवार अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को नशामुक्ति व कानूनी अधिकारों की दी जानकारी राजकीय कन्या महाविद्यालय खेरवाड़ा में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं ने ली नशामुक्ति की शपथ