Site icon 24 News Update

नगर निगम ने बदला सफाई कर्मचारियों का टाइम टेबल, अब सुबह 6 से 11 बजे तक ही होगा काम, स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला

Advertisements

24 News Update उदयपुर। शहर में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए नगर निगम उदयपुर ने सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के लिए अहम निर्णय लिया है। निगम प्रशासन ने सफाई कार्मिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके कार्य समय में बदलाव कर दिया है।
स्वास्थ्य निरीक्षक प्रभारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब नगर निगम के नियमित सफाई कर्मचारी आगामी आदेश तक प्रातः 6:00 बजे से दोपहर 11:00 बजे तक ही कार्य करेंगे। यह निर्णय खासतौर पर तेज धूप और लू के खतरे से कर्मचारियों को बचाने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि वे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से सुरक्षित रह सकें।
नए निर्देशों के तहत सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों और संबंधित जमादारों को पहले की तरह तय समय पर सेक्टर कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, कार्य की निगरानी को और सख्त किया गया है। पुरुष कर्मचारियों द्वारा नालों और नालियों की सफाई के कार्य पर विशेष ध्यान रखते हुए इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जीपीएस युक्त फोटोग्राफ के साथ निर्धारित प्रपत्र में रिकॉर्ड संधारित करना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि सफाई कार्य के साथ-साथ अन्य विभागीय जिम्मेदारियां—जैसे संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतें, स्वच्छ सर्वेक्षण, सतर्कता से जुड़े मामले और जनसुनवाई प्रकरण—का समयबद्ध निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी के बावजूद शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न हो।

Exit mobile version