24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। चित्तौड़गढ़ जीआरपी पुलिस ने उदयपुर-रतलाम एक्सप्रेस ट्रेन में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई जा रही है।
यात्रा के दौरान नींद खुली तो गायब मिला बैग
जीआरपी थानाधिकारी अनिल देवल ने बताया कि मामला 2 सितंबर का है। रतलाम हाल बड़गांव, उदयपुर निवासी प्रिया (25) पत्नी जितेंद्र पूरी गोस्वामी उदयपुर-रतलाम एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रही थीं। देर रात जब ट्रेन चित्तौड़गढ़ और निंबाहेड़ा के बीच पहुंची, तो प्रिया की नींद खुली और उन्होंने देखा कि सीट पर रखा बैग गायब है। बैग में करीब एक हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था।
रतलाम में रिपोर्ट, जांच चित्तौड़गढ़ जीआरपी को सौंपी गई
घटना की शिकायत पीड़िता ने रतलाम जीआरपी थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद जांच चित्तौड़गढ़ जीआरपी को ट्रांसफर की गई। जांच का जिम्मा हेड कांस्टेबल रुद्रप्रताप सिंह को सौंपा गया, जिन्होंने विशेष टीम गठित कर मामले की तहकीकात शुरू की।
सीसीटीवी और मोबाइल ट्रेसिंग से मिला सुराग
पुलिस टीम ने मुखबिरों की सहायता ली और रेलवे स्टेशनों व ट्रेनों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मोबाइल ट्रेसिंग से आरोपी का लोकेशन भीलवाड़ा जिले में मिला, जिसके बाद टीम सक्रिय हुई।
भीलवाड़ा से दबोचा गया आरोपी, कबूल किया जुर्म
सूचना पर पुलिस ने भीलवाड़ा के बिजौलिया निवासी सोहन उर्फ सोनू (36) पुत्र चतरा बंजारा को डिटेन किया। पूछताछ में उसने ट्रेन में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी मजदूरी का काम करता है और अवसर मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम दे बैठा।
चोरी का मोबाइल बरामद, आगे की जांच जारी
जीआरपी ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में एएसआई गिरधारी सिंह और कांस्टेबल भोजराज की भी भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि क्या वह अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.