24 News Update उदयपुर। उदयपुर एक बार फिर संगीत के रंग में रंगने जा रहा है। शहर के प्रतिष्ठित भारतीय लोक कला मंडल में 26 और 27 मार्च को भव्य दो दिवसीय संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मशहूर प्लेबैक सिंगर अनुराधा पौडवाल और बॉलीवुड के जाने-माने निर्माता-निर्देशक इंद्र कुमार अपनी उपस्थिति से शाम को खास बनाएंगे।
स्व. इंदिरा मुर्डिया की जयंती पर विशेष आयोजन
यह कार्यक्रम स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा मुर्डिया की 73वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। आयोजन इंदिरा इंटरप्राइजेज, कश्ती फाउंडेशन और यूएसएम ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में होगा। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम आमजन के लिए निःशुल्क रहेगा।
पहले दिन अनुराधा पौडवाल की सुरमयी शाम
इंदिरा इंटरप्राइजेज के डायरेक्टर डॉ. अजय मुर्डिया, कश्ती फाउंडेशन की फाउंडर श्रद्धा मुर्डिया और यूएसएम के डॉ. एच. एस. भुई ने बताया कि 26 मार्च को अनुराधा पौडवाल लाइव परफॉर्मेंस देंगी और अपने लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
दूसरे दिन इंद्र कुमार की फिल्मों का म्यूजिकल सफर
27 मार्च को इंद्र कुमार की सुपरहिट फिल्मों—बेटा, धमाल, मन, जीत—के संगीत को एक संगीतमय यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इस दिन स्थानीय कलाकारों को भी मंच साझा करने का अवसर मिलेगा।
हिमाचल का पुलिस बैंड पहली बार उदयपुर में
कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण होगा “हार्मोनी ऑफ पाइन्स” पुलिस बैंड, जो हिमाचल प्रदेश से आएगा। 15 सदस्यीय यह बैंड पहली बार उदयपुर में प्रस्तुति देगा और टीवी शो हुनरबाज से पहचान बना चुका है।
दीपक बोराजी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
इस अवसर पर पूर्व राजनेता दीपक बोराजी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए “इंदिरा मुर्डिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड” से सम्मानित किया जाएगा। डॉ. अजय मुर्डिया के अनुसार, इस पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपये की राशि दी जाएगी और इसे हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश केवल पास से होगा। आयोजकों ने बताया कि शहर के निर्धारित स्थानों से पास प्राप्त किए जा सकते हैंं।

