उदयपुर। उदयपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक बाइक का ई-चालान गलती से दूसरे युवक को भेजे जाने का मामला सामने आया है। चालान मिलने के बाद युवक ने जब फोटो और अपनी बाइक की स्थिति देखी तो मामला सामने आया, जिसके बाद विभाग ने गलती सुधार दी। उदयपुर के मादड़ी निवासी मुन्ना कुमार के मोबाइल पर सोमवार को हेलमेट नहीं पहनने पर 1000 रुपए के ई-चालान का संदेश आया। संदेश देखकर वह हैरान रह गया, क्योंकि उसकी बाइक पिछले करीब दो माह से घर पर खराब हालत में खड़ी थी और उसे बाहर ही नहीं निकाला गया था। मुन्ना कुमार के अनुसार उसके पास हीरो कंपनी की ग्लैमर बाइक है, जिसका नंबर आरजे27एसी 3500 है। इसी नंबर पर 1000 रुपए का चालान भरने का संदेश आया, लेकिन चालान में लगी फोटो में होंडा बाइक पर कोई अन्य व्यक्ति दिखाई दे रहा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद अगले दिन मंगलवार को विभाग की ओर से दूसरा संदेश भेजा गया। इसमें बताया गया कि एक अंक की गलती के कारण यह चालान गलत नंबर पर जारी हो गया था। सही नंबर आरजे27एएल 3500 था। इसके बाद युवक ने राहत की सांस ली।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
करीब एक माह पहले भी इसी तरह की गलती सामने आई थी। सुखेर निवासी अधिवक्ता दीपक डांगी के मोबाइल पर बाइक पर हेलमेट नहीं पहनने का चालान आया था, जबकि उस दिन वे कार से यात्रा कर रहे थे और सीट बेल्ट लगाए हुए थे। बाद में विभाग ने जांच के बाद उस चालान को भी सुधार कर अपडेट कर दिया था।

