News Update उदयपुर। नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस लगता है मेहरबान है, इसीलिए वे बेकाबू होकर हादसों को अंजाम दे रहे हैं। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के ढीकली में गुरुवार देर रात बेकाबू थार ने मकान की दीवार चीरते हुए भीतर प्रवेश कर लिया। धमाका ऐसा हुआ कि नींद में सो रहे लोग दहल उठे और भागने लगे। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह हादसा ढीकली निवासी जमनालाल कुमावत के मकान के बाहर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आधी रात के आसपास एक थार तेज रफ्तार से ढीकली रोड पर दौड़ रही थी। अचानक चालक ने संतुलन खो दिया और वाहन सीधे मकान की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईंट-पत्थर ताश के पत्तों की तरह बिखर गए और दीवार का बड़ा हिस्सा चकनाचूर हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
नशे में होने की आशंका, चालक फरार
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि चालक बेहद तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद जब लोग घरों से बाहर निकले तो चालक भीड़ का फायदा उठाकर अंधेरे में फरार हो गया। वह अपनी थार को मलबे के बीच छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने वाहन जब्त किया
सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लावारिस हालत में खड़ी थार को जब्त कर लिया है। शुक्रवार सुबह मलबा हटाने का काम शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

