उदयपुर, 27 अक्टूबर। दीपावली के उल्लास को सुरों, संस्कृति, हास्य और काव्य की रंगत से सजाने के लिए नगर निगम का दीपावली मेला बुधवार से शुरू होगा। 28 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चलने वाले इस 15 दिवसीय आयोजन में सात दिन सांस्कृतिक संध्याएं होंगी, जबकि स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए दो दिन मंच मिलेगा। मेले का प्रमुख आकर्षण 30 अक्टूबर को होने वाली बॉलीवुड पार्श्व गायिका पलक मुच्छल की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा भजन, लोकसंगीत, स्टैंडअप कॉमेडी और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी दर्शकों को आकर्षित करेंगे।

नगर निगम की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन 28 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी करेंगे। समारोह में मेवाड़ महामंडलेश्वर रासबिहारी शरण का सानिध्य रहेगा। सांसद मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

भजन, बॉलीवुड संगीत और कॉमेडी से सजेगी सांस्कृतिक संध्याएं

दीपावली मेले में हर दिन दर्शकों के लिए अलग-अलग रंग के कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। पहले दिन 28 अक्टूबर को भजन गायिका अनामिका अंबर और छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। 29 अक्टूबर को रेपरिया बालम बैंड और फकीरा खान फोक बैंड अपनी प्रस्तुतियों से लोकसंगीत की छटा बिखेरेंगे।

30 अक्टूबर की शाम बॉलीवुड की लोकप्रिय पार्श्व गायिका पलक मुच्छल के नाम रहेगी। ‘आशिकी 2’ के गीत ‘चाहूं मैं या ना’ और ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ के गीत ‘कौन तुझे’ से पहचान बनाने वाली पलक मुच्छल अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को संगीत की दुनिया में ले जाएंगी।

31 अक्टूबर को उदयपुर के स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं, 1 नवंबर को पहली बार मेले में स्टैंडअप कॉमेडी नाइट आयोजित की जाएगी। इसमें मशहूर कॉमेडियन गौरव गुप्ता अपनी हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को गुदगुदाएंगे। 2 नवंबर को एक बार फिर स्थानीय प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अंतिम शाम 3 नवंबर को वंडर सीमेंट के सहयोग से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें शैलेश लोढ़ा सहित देश के जाने-माने कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।

मेले के संयोजक प्रमोद सामर के अनुसार, सांस्कृतिक कार्यक्रम 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक नगर निगम परिसर में प्रतिदिन होंगे, जबकि दुकानें और झूले 11 नवंबर तक संचालित रहेंगे। आयोजन में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। निगम का उद्देश्य शहरवासियों को मनोरंजन के साथ स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन देने का अवसर उपलब्ध कराना है।

21 समितियों के जिम्मे व्यवस्थाएं, पार्किंग से सुरक्षा तक इंतजाम

नगर निगम ने मेले के संचालन के लिए 21 समितियों का गठन किया है। महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि मेले में दुकानों से 1 करोड़ 1 लाख 11 हजार रुपये और झूलों से 85 लाख 11 हजार रुपये की आय हुई है। आयोजन के सुव्यवस्थित संचालन के लिए मंच, दर्शक दीर्घा, प्रेस दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कवरेज के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। बैरिकेडिंग पर जालियां लगाई गई हैं, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

दुकानों को निगम परिसर के सामने स्थित मैदान तथा दक्षिणी और पीछे के मैदान में व्यवस्थित रूप से लगाया गया है। यहां खरीदारी के साथ खानपान के विभिन्न विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे। परिसर में आकर्षक विद्युत सजावट की गई है और सांस्कृतिक संध्याओं के अनुरूप मंच की साज-सज्जा बदली जाएगी। कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे, जबकि सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे आयोजन स्थल की निगरानी होगी।

सफाई के लिए अलग टीमें तैनात रहेंगी और परिसर में जगह-जगह कचरा पात्र रखे जाएंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन की आवाजाही के अनुकूल प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। चिकित्सा सहायता के लिए एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस, होमगार्ड, सुरक्षा गार्ड और महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। आयोजन के लिए दुर्घटना बीमा भी कराया गया है।

पार्किंग और जनसुविधाओं पर भी ध्यान

मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए टाउनहॉल की नवनिर्मित पार्किंग, श्रमजीवी कॉलेज और आरसीए लिंक रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अल्पाहार की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियां जिम्मेदारी संभालेंगी। पूरे आयोजन के दौरान निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष भी संचालित रहेगा।

नगर निगम की प्रेस समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौड़ के अनुसार, मेले की गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी विभिन्न माध्यमों से शहरवासियों तक पहुंचाई जाएगी। निगम ने शहर के वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों को आमंत्रित करने की व्यवस्था भी की है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading