24 न्यू ज अपडेट उदयपुर। शहर के सुभाषनगर मार्ग को चौड़ा करने और सुगम यातायात सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ी बाधा को दूर करते हुए लेकसिटी मॉल-सुभाषनगर रोड पर बनी दीवार को तोड़कर मार्ग को पूर्ण रूप से खोल दिया गया। इसके साथ ही 200 फीट कच्ची व खड़खड सड़क का डामरीकरण भी किया गया, जिससे स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। यह कार्य उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन के प्रयासों से संभव हो सका। उन्होंने बताया कि यह दीवार वर्षों से सड़क के बीच आकर मार्ग को संकरा बना रही थी। इससे विशेष रूप से चौपहिया वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर जब विधायक ने इस विषय में अधिकारियों से जानकारी मांगी, तो बताया गया कि दीवार के पीछे किसी समाधि के होने की बात सामने आ रही थी। लेकिन मौके पर किसी तरह की समाधि नहीं मिली।
विधायक जैन ने तत्काल यूडीए और जयपुर स्तर पर फाइल मंगवाकर समाधान की प्रक्रिया शुरू करवाई। विधिक स्थिति स्पष्ट होते ही यूडीए ने अविलंब दीवार हटाने का कार्य किया। इसके बाद मार्ग पर बनी दोनों ओर की दीवारें तोड़ी गईं और बाधा को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया।
200 फीट कच्चे मार्ग का हुआ डामरीकरण
इस मार्ग पर बनी दीवार के कारण लगभग 200 फीट की सड़क कच्ची रह गई थी, जिससे धूल और मिट्टी के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती थी। अब अवरोध हटाने के साथ ही यूडीए ने इस पूरी सड़क का डामरीकरण कर मार्ग को सुचारू और सुरक्षित बना दिया है। बुधवार को विधायक ताराचंद जैन ने स्वयं मौके पर पहुंचकर डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया।
नया मार्ग बना रहा वैकल्पिक सहारा
जानकारी के अनुसार, यूडीए ने करीब दो वर्ष पहले आयड़ नदी के किनारे से लेकसिटी मॉल के सामने होकर सुभाषनगर और सेवाश्रम को जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग विकसित किया था। इससे दुर्गानर्सरी रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम हुआ था, पर मॉल की सीमा पर बनी दीवार इस मार्ग के उपयोग में बाधा बनी हुई थी। अब दीवार हटने और मार्ग के डामरीकरण के बाद यह रास्ता पूरी तरह से चालू और चौड़ा हो गया है, जिससे आमजन को बड़ा लाभ मिलेगा।
लेकसिटी मॉल के पास ‘‘खड़खड़’’ सड़क पर हुआ डामरीकरण, समाधी की जमीन बता कर रोका हुआ था रास्ता, सुभाषनगर 200 फीट रोड अब हुई चकाचक

Advertisements
