24 News Update सलूंबर. सलूंबर जिले के सेमारी कस्बे में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का 77वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यानिकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेमारी के सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक व शैक्षणिक संगठनों के पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन व पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान विभाग श्रमिक संगठन प्रमुख लक्ष्मीकांत वैष्णव, जिला सामाजिक समरसता प्रमुख गजेन्द्र वैष्णव, शिक्षक संघ अध्यक्ष भंवर सुथार, खंड व्यवस्था प्रमुख वेलचंद कलाल, व प्रधानाचार्य अनिलराज जोशी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल संगठन नहीं, एक राष्ट्र निर्माण की पाठशाला है। यह संगठन युवाओं को देशभक्ति, चरित्र निर्माण और सामाजिक सेवा के गुणों से ओतप्रोत करता है। परिषद मानती है कि विद्यार्थी केवल भविष्य का नहीं, वर्तमान का सक्रिय नागरिक है।
कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष महेश वैष्णव व रवि कलाल ने किया। सभी वक्ताओं ने परिषद के मूल सिद्धांत – पूर्व योजना और पूर्ण योजना – को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की जय के उद्घोष से पूरा सभागार गूंज उठा।

