Site icon 24 News Update

थाईलैंड में भीषण रेल हादसा: निर्माणाधीन पुल की क्रेन यात्री ट्रेन पर गिरी, दर्जनों की मौत

Advertisements

थाईलैंड। थाईलैंड में बुधवार को एक भयावह रेल दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। निर्माणाधीन रेल ब्रिज पर काम के दौरान करीब 65 फीट ऊंचाई से एक भारी-भरकम क्रेन सीधे तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन पर आ गिरी, जिससे कुछ ही पलों में खुशियों से भरी यात्रा मातम में बदल गई। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे में कम से कम 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना के वक्त ट्रेन लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। ट्रेन में कुल 195 यात्री सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र शामिल बताए जा रहे हैं। अचानक ऊपर से गिरी क्रेन के कारण ट्रेन चालक को ब्रेक लगाने तक का मौका नहीं मिल सका।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, क्रेन के गिरते ही उसका मलबा सीधे कोचों पर आ गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए, शीशे चकनाचूर हो गए और कुछ ही देर में कोचों में आग लग गई। आग और धुएं के कारण ट्रेन के भीतर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री डिब्बों में फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू और फायर ब्रिगेड टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक नुकसान भारी हो चुका था। बचावकर्मियों ने कटिंग और स्प्रेडिंग उपकरणों की मदद से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। अब तक 12 शव घटनास्थल से बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य शवों की तलाश जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय तेज धमाके जैसी आवाजें सुनाई दीं। एक स्थानीय निवासी ने समाचार एजेंसी को बताया कि क्रेन से निकला भारी धातु का हिस्सा ट्रेन के बीचों-बीच जा टकराया, जिससे एक कोच दो हिस्सों में कट गया। दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।
इस हादसे ने रेलवे निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और रेलवे अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि क्रेन गिरने की वजह क्या थी और क्या निर्माण कार्य के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

Exit mobile version