24 न्यूज अपडेट, नेशनल डेस्क। भारत में प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला ने सोमवार को मुंबई में अपना पहला शोरूम और एक्सपीरियंस सेंटर लॉन्च कर दिया है। ब्रांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित यह सेंटर अब सिर्फ कारों की बिक्री का स्थान नहीं होगा, बल्कि यहां ग्राहक टेस्ला की अत्याधुनिक तकनीक, डिजाइन और फीचर्स को भी प्रत्यक्ष रूप से अनुभव कर सकेंगे।
फिलहाल टेस्ला ने भारतीय बाजार में सिर्फ मॉडल Y को पेश किया है। इस गाड़ी को चीन से आयात किया गया है, जिसके चलते 60 लाख रुपए की कीमत के साथ यह बाजार में उतारी गई है। अमेरिका में यही मॉडल 32 लाख में मिलती है। यानी भारतीय ग्राहक इसके लिए 28 लाख रुपए अधिक चुकाएंगे।
आम ग्राहकों के लिए जल्द खुलेगा शोरूम
फिलहाल शोरूम का उद्घाटन मीडिया और खास मेहमानों के लिए किया गया है, लेकिन जल्द ही इसे आम ग्राहकों के लिए भी खोल दिया जाएगा। इसमें टेस्ट ड्राइव की सुविधा होगी और ग्राहक गाड़ी बुक कर सकेंगे।
आज से बुकिंग शुरू, अगस्त से डिलीवरी
टेस्ला की वेबसाइट पर आज यानी 15 जुलाई से बुकिंग शुरू हो गई है। मॉडल Y दो वेरिएंट में उपलब्ध है — पहला वेरिएंट 60 लाख रुपए में 500 किमी की रेंज के साथ और दूसरा 67.89 लाख रुपए में 622 किमी की रेंज के साथ। डिलीवरी अगस्त से शुरू होने की उम्मीद है।
क्या भारत में बनेगी टेस्ला?
हालांकि अभी तक टेस्ला ने भारत में स्थानीय उत्पादन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में मैन्युफैक्चरिंग शुरू होने से कीमतें काफी घट सकती हैं।
दिल्ली अगला पड़ाव, फिर तय होगा विस्तार
मुंबई के बाद कंपनी दिल्ली में अपना दूसरा सेंटर खोलने की तैयारी कर रही है। कंपनी अभी सिर्फ इन दो शहरों पर फोकस कर रही है और शोरूम के साथ-साथ सेल्स, सर्विस और स्पेयर पार्ट्स का पूरा नेटवर्क भी खुद ही संभालेगी।
भारतीय EV बाजार में टेस्ला के लिए मुकाबला कड़ा
टेस्ला के भारत आने से प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार बाजार में प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। हालांकि, 60 लाख की कीमत इसे कुछ हद तक विशिष्ट वर्ग तक सीमित कर सकती है।
यहां जानिए टेस्ला को किन कंपनियों से चुनौती मिलेगी:
- टाटा मोटर्स: EV मार्केट में 60% हिस्सेदारी, नेक्सन EV जैसे मॉडल सबसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी।
- महिंद्रा एंड महिंद्रा: BE6 और XUV 9e जैसे नए इलेक्ट्रिक मॉडल टेस्ला को टक्कर दे सकते हैं।
- एमजी मोटर्स: विंडसर और साइबस्टर जैसे प्रीमियम EV विकल्प।
- बीवाईडी: ATTO 3 और SEAL मॉडल्स के साथ तकनीकी स्तर पर प्रतिस्पर्धा।
- हुंडई: आयोनिक 5 और आगामी क्रेटा इलेक्ट्रिक से प्रीमियम सेगमेंट में मुकाबला।
- यूरोपीय ब्रांड्स: बीएमडब्ल्यू, ऑडी और मर्सिडीज की EV सीरीज पहले से प्रीमियम ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।
दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली EV भारत में
मॉडल Y को दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार माना जाता है। यह 5-7 सीटों वाले कॉम्पैक्ट SUV डिजाइन में आती है। इसकी रेंज बैटरी वेरिएंट के आधार पर 330 से 480 किलोमीटर तक है। साथ ही ऑटोपायलट और फुल सेल्फ ड्राइविंग जैसे फीचर्स भी शामिल हो सकते हैं।
35 लाख महीना किराया, लग्जरी लोकेशन
टेस्ला ने मुंबई के बीकेसी में 4,000 वर्ग फीट के रिटेल स्पेस के लिए 5 साल की लीज पर करार किया है। यह जगह भारत में एपल के फ्लैगशिप स्टोर के पास है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शोरूम का मासिक किराया 35 लाख रुपए है, जो देश के सबसे महंगे कमर्शियल रेंट में से एक है।

