24 News Update बांसवाड़ा। शिक्षिका लीला ताबियार की नृशंस हत्या के आठ दिन बाद भी आरोपी महिपाल भगोरा पुलिस की पकड़ से बाहर है। हत्या के बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में अब पुलिस ने महिपाल के दो फोटो सहित पोस्टर जारी किए हैं और 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि महिपाल की गिरफ्तारी के प्रयास तेज करते हुए राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात के बॉर्डर इलाकों में भी उसके पोस्टर चस्पा किए जा रहे हैं। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी पोस्टर जारी कर आमजन से अपील की गई है कि अगर आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
महिपाल के जंगलों में छिपे होने की आशंका के चलते पुलिस ने बीते दिनों सघन सर्च ऑपरेशन भी चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब पुलिस को भरोसा है कि पोस्टर और इनाम की मदद से महिपाल को जल्द गिरफ्तार किया जा सकेगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। गौरतलब है कि 11 जुलाई को बांसवाड़ा जिले के कलिंजरा गांव में स्कूल जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही शिक्षिका लीला ताबियार पर महिपाल ने तलवार से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। यह घटना क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का कारण बनी हुई है।
शिक्षिका लीला हत्याकांड: आरोपी महिपाल भगोरा का पोस्टर जारी, पकड़वाने पर 25 हजार का इनाम

Advertisements
