Site icon 24 News Update

खेलगांव में तैराकी का उभरता हुनर: पंच गौरव शिविर में जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया हौसला, खिलाड़ियों को मिला नया आत्मविश्वास

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के तहत “एक जिला-एक खेल” पहल अब जमीन पर असर दिखाने लगी है। महाराणा प्रताप खेलगांव के तरणताल में चल रहे आवासीय तैराकी प्रशिक्षण शिविर में युवा तैराकों का जोश और अनुशासन एक नई खेल संस्कृति की कहानी लिख रहा है। सुबह के सत्र में खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों, योग और तैराकी की तकनीकी बारीकियों का प्रशिक्षण देकर उनके समग्र विकास पर जोर दिया गया।
जिला कलेक्टर नमित मेहता और उदयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त राहुल जैन के निर्देशन में संचालित इस शिविर का निरीक्षण करने उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन और भाजपा नेता अतुल चंडालिया पहुंचे। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक जैन ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिविर में सीखी गई तकनीकों को अपने गांवों में भी निरंतर अभ्यास के जरिए निखारें, ताकि पंचायत से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बना सकें। उन्होंने तैराकी खेल को बढ़ावा देने के लिए विधायक मद से हरसंभव आर्थिक सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने शिविर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों को वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों ने पंचायत स्तर के खिलाड़ियों की प्रतिभा देखकर प्रसन्नता जताई और इस पहल को ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच बताया।
शाम के सत्र में खिलाड़ियों को अलग-अलग समूहों में बांटकर गहन अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षक अनिल कुमावत, सुनील कुमावत और मनोज सनाढ्य ने फ्री स्टाइल और बैक स्ट्रोक की तकनीकों पर विशेष फोकस करते हुए खिलाड़ियों की दक्षता को और निखारने का प्रयास किया।

Exit mobile version