Site icon 24 News Update

फलासिया में दांत का इलाज कराने आए युवक की संदिग्ध मौत, इंजेक्शन पर उठे सवाल

Advertisements

24 News Update उदयपुर। जिले के फलासिया कस्बे में गुरुवार को दांतों का इलाज कराने पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान आमड़ा गांव निवासी अर्जुन लाल गरासिया (44) के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन से उसकी मौत हुई।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन लाल सुबह दांत दर्द की शिकायत लेकर पत्नी के साथ फलासिया स्थित एक निजी क्लिनिक पहुंचा था। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने उसे दो इंजेक्शन लगाए, जिसके तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्लिनिक संचालक डॉक्टर राजेन उपाध्याय खुद थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने मरीज को कोई इंजेक्शन नहीं दिया। वहीं, परिजन और ग्रामीण डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
इस बीच, फलासिया बीसीएमओ डॉ. मुकेश गरासिया और चिकित्साधिकारी डॉ. कपिल शर्मा टीम सहित क्लिनिक पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए और मुआवजे की मांग करते हुए नारेबाजी की। आरोप लगाया कि थाना नजदीक होने के बावजूद पुलिस सूचना मिलने पर भी समय पर मौके पर नहीं पहुंची।

Exit mobile version