24 News Update उदयपुर। राजस्थान पुलिस दिवस के अवसर पर इस बार शहर में तीन दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है, जिसकी शुरुआत गुरुवार को रेजीडेंसी स्कूल में आयोजित क्विज प्रतियोगिता से हुई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पुलिस व्यवस्था से जुड़े विषयों पर अपनी समझ और ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया।
क्विज प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली, चुनौतियों, जिम्मेदारियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रश्न पूछे गए। छात्रों ने उत्साहपूर्वक जवाब देते हुए अपनी जागरूकता का परिचय दिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बन गया।
इस अवसर पर एएसपी माधुरी वर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत पहले दिन इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को पुलिस के कार्यों और उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है, ताकि युवाओं में कानून के प्रति सम्मान और समझ विकसित हो सके।उन्होंने आगे बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगामी कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही इस तीन दिवसीय आयोजन श्रृंखला के अंतर्गत आने वाले दिनों में भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे आमजन और युवाओं को पुलिस से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस दिवस पर छात्रों में दिखा उत्साह, क्विज प्रतियोगिता से बढ़ी जागरूकता

Advertisements
