उदयपुर, 31 दिसम्बर।
अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उदयपुर जिले में अवैध खनन और निर्गमन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। जिला कलेक्टर नमित मेहता के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण दल ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये की पेनल्टी वसूली की और खनिज से भरे वाहन जब्त किए।
खनि अभियंता आसिफ अंसारी ने बताया कि घासा तहसील के बिकरणी गांव में मेसनरी स्टोन के करीब 20 टन अवैध खनन के मामले में 1.09 लाख रुपये की पेनल्टी वसूली गई। वहीं मावली के फतहनगर में क्वार्ट्ज के अवैध निर्गमन पर एक ट्रैक्टर जब्त कर 31,150 रुपये की वसूली की गई। ऋषभदेव क्षेत्र में भी अवैध निर्गमन के खिलाफ कार्रवाई कर एक ट्रैक्टर मय 4 टन मेसनरी स्टोन जब्त किया गया। इसके अलावा घासा क्षेत्र में एक ईंट भट्टे पर भी कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अरावली क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को लेकर शून्य सहनशीलता नीति अपनाई गई है और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

