जयपुर, 1 फरवरी: राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर द्वारा विभिन्न खेल अकादमियों और खेल संस्थानों के लिए चयन स्पर्धा का आयोजन 3 फरवरी से सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता बालक, बालिका, सीनियर और मास्टर वर्ग के लिए आयोजित की जा रही है।
राज्य क्रीड़ा परिषद के अनुसार, स्पर्धा के पहले दो दिन कुश्ती, साइकलिंग और हैंडबाल के चयन होंगे। इसके बाद एथलेटिक्स, तीरंदाजी, हॉकी, कबड्डी, बास्केटबाल, फुटबॉल और वॉलीबॉल की चयन स्पर्धाएं क्रमशः 4 फरवरी से 10 फरवरी तक आयोजित की जाएँगी।
उम्र एवं योग्यता:
- बालक वर्ग: 12-16 वर्ष (31.12.2010 से 31.12.2014 जन्म)
- बालिका वर्ग: 13-17 वर्ष (31.12.2009 से 31.12.2013 जन्म)
- सीनियर और नेशनल मेडिलिस्ट खिलाड़ी: 18-23 वर्ष
- चयन के लिए पिछले 2 वर्षों की जूनियर प्रतियोगिताओं में मेडल प्राप्ति अनिवार्य है।
- खिलाड़ी राजस्थान का मूल निवासी होना चाहिए और किसी भी गंभीर बीमारी से ग्रसित नहीं होना चाहिए।
आवश्यक दस्तावेज: आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, पिछले वर्ष की अंकतालिका, मेडिकल हेल्थ सर्टिफिकेट और 2 पासपोर्ट साइज़ फोटो।
सुविधाएं:
चयनित खिलाड़ियों को आवासीय प्रशिक्षण के दौरान आवास, भोजन, शिक्षा (सरकारी/निजी स्कूल), सीमित चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएँगी। खेल किट में चयन स्पर्धा में उपस्थित होना अनिवार्य है। यात्रा, आवास और भोजन का खर्च प्रतिभागी स्वयं वहन करेंगे।
संदेश: जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने सभी इच्छुक खिलाड़ियों को समय से आवेदन जमा करने और चयन स्पर्धा में भाग लेने की अपील की है।
नोट: सीनियर बास्केटबाल अकादमी के लिए केवल नेशनल मेडिलिस्ट और एसजीएफआई/विश्वविद्यालय स्तर के मेडलिस्ट ही आवेदन कर सकते हैं।

