24 News Update उदयपुर। सेंट एंथोनीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, प्रदेश और शहर का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम मानी जा रही है।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी विकास साहू ने बताया कि कक्षा 9 के छात्र पार्थ नंदवाना और लाव्या गुप्ता ने इंडियन आर्मी क्विज़ 2026 की राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जोनल राउंड के लिए क्वालीफाई किया है। इस प्रतियोगिता में देशभर के विद्यालयों की भागीदारी रही, जिसमें प्रत्येक राज्य व केंद्र शासित प्रदेश से केवल एक-एक टीम सहित कुल 36 टीमों का चयन जोनल स्तर के लिए किया गया। खास बात यह रही कि पूरे राजस्थान से सेंट एंथोनीज स्कूल एकमात्र चयनित विद्यालय रहा। इंडियन आर्मी क्विज़ के जोनल और फाइनल राउंड का आयोजन 8 और 9 फरवरी 2026 को लखनऊ में होगा।
इसी क्रम में विद्यालय के कक्षा 10 के छात्र गौरांग शाह ने सीबीएसई द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘आर्यभट्ट गणित चैलेंज’ में भाग लेकर विश्व स्तर पर शीर्ष 100 विद्यार्थियों में स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इन उपलब्धियों पर विद्यालय के प्राचार्य विलियम डिसूजा ने सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन ने भी सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं तथा अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
राष्ट्रीय मंच पर सेंट एंथनी के छात्रों की चमक, राजस्थान से एकमात्र चयनित विद्यालय

Advertisements
