Site icon 24 News Update

रेलवे में खेल से सेहत और सहयोग, मैत्री मैच के साथ नई खेल सुविधाओं का उद्घाटन

Advertisements

24 News Update जयपुर। रेलवे कार्यों में आपसी समन्वय, टीम भावना और सकारात्मक कार्य संस्कृति को मजबूती देने के उद्देश्य से रविवार को गणपति नगर क्रिकेट ग्राउंड, जयपुर में महाप्रबंधक इलेवन और मंडल रेल प्रबंधक जयपुर इलेवन के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मुकाबले में दोनों टीमों ने खेल भावना का परिचय देते हुए उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया, जिसमें महाप्रबंधक इलेवन ने जीत दर्ज की।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि मैच के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए श्री दीपक वर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच को सभी प्रतिभागियों ने प्रेरणादायक और ऊर्जा से भरपूर बताया।
इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने अधिकारियों और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल आपसी समन्वय मजबूत होता है, बल्कि कार्यस्थल पर सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण भी बनता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से मिल-जुलकर कार्य करने और रेलवे के कार्य निष्पादन को और अधिक बेहतर बनाने का आह्वान किया।
मैत्री मैच के साथ ही महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने गणपति नगर रेलवे कॉलोनी में नवीनीकृत टेनिस एवं बास्केटबॉल कोर्ट का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक खेल सुविधाओं से खिलाड़ियों के साथ-साथ रेलकर्मियों, उनके परिवारजनों और बच्चों को लाभ मिलेगा। यह पहल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्फूर्ति के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, मुख्यालय एवं जयपुर मंडल के अधिकारी तथा खेल गतिविधियों से जुड़े बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। खेल और सहयोग के इस संगम ने यह संदेश दिया कि बेहतर कार्य संस्कृति की नींव आपसी तालमेल और टीम भावना से ही मजबूत होती है।

Exit mobile version