24 News Update जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित 62वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइक्लिंग चैम्पियनशिप 2025-26 का आयोजन 2 से 4 अक्टूबर तक साइक्लिंग वेलोड्रोम, सवाई मानसिंह स्टेडियम में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में आठ टीमों के लगभग 70 साइक्लिस्टों ने अपने कौशल और ताकत का प्रदर्शन किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि इस चैम्पियनशिप में आठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें सर्वश्रेष्ठ साइक्लिस्ट का पुरस्कार पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के रोनाल्डो सिंह को दिया गया। 15 किलोमीटर स्ट्रेच रेस में उत्तर रेलवे के मुकेश कुमार कस्वां ने रजत पदक जीता। 1 किलोमीटर टाइम ट्रायल में रोनाल्डो सिंह, 4 किलोमीटर इंडिविजुअल परस्यूट में मंजीत कुमार, स्प्रिंट में इसोव, 20 किलोमीटर पॉइंट रेस में उत्तर रेलवे के विश्वजीत सिंह, केरीन रेस में रोनाल्डो सिंह, टीम स्प्रिंट में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे और 4 किलोमीटर टीम परस्यूट में दक्षिण पश्चिम रेलवे ने स्वर्ण पदक हासिल किया। समापन समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने विजेताओं और टीमों को प्रशस्ति पत्र, पदक और नकद पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि साइक्लिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह मानसिक दृढ़ता और साहस का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि वे खेल के माध्यम से न केवल भारतीय रेलवे का, बल्कि देश का नाम भी रोशन करेंगे। महाप्रबंधक ने इस चैम्पियनशिप के सफल आयोजन के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन को भी नगद पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर शिवेंद्र मोहन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजीव श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. के. कृष्ण कुमार, उप महाप्रबंधक शशांक, स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव अनुज तायल, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, रेलवे खेलकूद संवर्धन बोर्ड, नई दिल्ली के स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर प्रवीण और ओएसडी स्पोर्ट्स जितेंद्र कुमार सहित प्रतिभागी खिलाड़ी और आयोजन समिति के अधिकारी उपस्थित रहे।
62वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइक्लिंग चैम्पियनशिप जयपुर में संपन्न

Advertisements
