24 News update सराड़ा। स्वयं सहायता समूह (सेवा मंदिर) से जुड़ी महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, सराड़ा थाना द्वारा मंगलवार को विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सामाजिक परामर्शदाता गुड्डी मीणा ने बताया कि सत्र का उद्देश्य महिलाओं को उनके सुरक्षा अधिकारों, उपलब्ध सहायता सेवाओं और आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराना था। कार्यक्रम में करीब 60 महिलाएँ और बालिकाएँ शामिल हुईं।
सत्र में घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, यौन उत्पीड़न, वन स्टॉप सेंटर की भूमिका और त्वरित सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विधिक परामर्शदाता कंचन डांगी ने महिलाओं को कानूनी अधिकारों, शिकायत प्रक्रिया और सुरक्षा से जुड़े व्यवहारिक उपाय बताए। उनकी संवादात्मक शैली से महिलाएँ पूरे समय सक्रिय रहीं।
प्रतिभागियों ने बताया कि ऐसे सत्र आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही संकट की स्थिति में मदद लेने की समझ भी देते हैं। सेवा मंदिर सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं व महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त वातावरण मिल सके।

