24 News Update निम्बाहेडा (कविता पारख)। जिले में उर्वरक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा यूरिया की काला बाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों का निरीक्षण कर नियमों की पालना सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में सहायक निदेशक कृषि, चित्तौड़गढ़, कृषि अधिकारी (प्रशिक्षण) एवं कृषि अधिकारी (फसल) द्वारा “मिलकर चलो” फार्मर्स प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड, कल्याणपुरा (निम्बाहेड़ा) के विक्रय परिसर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर मूल्य सूची एवं स्टॉक रजिस्टर निर्धारित प्रारूप में संधारित नहीं पाए जाने पर उर्वरक अनुज्ञापत्र के निलंबन की अनुशंसा की गई।
कृषि अधिकारी (पौध संरक्षण) द्वारा मैसर्स लढ़ा ट्रेडर्स, निम्बाहेड़ा एवं कृष्णा ट्रेडर्स, कनेरा के निरीक्षण में ऑफ-सीजन में यूरिया वितरण किए जाने पर संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
इसके अतिरिक्त सहायक निदेशक कृषि (विस्तार), चित्तौड़गढ़ एवं कृषि अधिकारी (फसल) द्वारा ग्राम सेवा सहकारी समिति, गादोला के निरीक्षण में स्टॉक रिकॉर्ड एवं दस्तावेज पूर्ण नहीं पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
वहीं ग्राम सेवा सहकारी समिति, सुखवाड़ा के निरीक्षण के दौरान पॉस मशीन एवं मौके पर उपलब्ध उर्वरक स्टॉक में अंतर पाए जाने पर समिति के अनुज्ञापत्र के निलंबन की अनुशंसा की गई है।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ शंकर लाल जाट ने निलंबन की अनुशंसा के तहत दोनों फर्मों के अनुज्ञा पत्र अग्रिम आदेशों तक निलंबित किए गए है।

