Site icon 24 News Update

गायक जुबीन गर्ग का गुवाहाटी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, हजारों प्रशंसक उमड़े

Advertisements

24 News Update गुवाहाटी। असम और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग का मंगलवार को गुवाहाटी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। श्मशान घाट पर गन सैल्यूट दिया गया और उनके लोकप्रिय गीतों की धुनों के बीच अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान माहौल भावुक हो उठा। उनकी पत्नी गरिमा सैकिया ताबूत से लिपटकर रो पड़ीं।
अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, परिजन और करीबी रिश्तेदारों के साथ हजारों प्रशंसक मौजूद रहे। इससे पहले गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में उनका दूसरा पोस्टमॉर्टम हुआ था। पहला पोस्टमॉर्टम सिंगापुर में किया गया था।
जुबीन गर्ग का निधन 19 सितंबर को सिंगापुर में हुआ था। वे नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में हिस्सा लेने वहां गए थे। उनकी पत्नी ने बताया कि दोस्तों संग यॉट से समुद्र में उतरते समय उन्हें दौरा पड़ा और उन्होंने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। इसी वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उनके निधन के बाद असम सरकार ने मामले की जांच CID को सौंप दी है। वहीं, जुबीन की पत्नी ने भावुक अपील करते हुए मैनेजर और साथियों के खिलाफ दर्ज शिकायत वापस लेने की मांग की थी।
जुबीन गर्ग का जन्म 18 नवंबर 1972 को असम के तिनसुकिया जिले में हुआ था। वे न केवल गायक बल्कि संगीतकार, गीतकार, अभिनेता और निर्देशक भी रहे। उन्होंने असमिया, हिंदी सहित 40 भाषाओं और बोलियों में 38 हजार से अधिक गीत गाए। जुबीन को नॉर्थ ईस्ट का सबसे लोकप्रिय और सर्वाधिक पारिश्रमिक पाने वाला गायक माना जाता था।

Exit mobile version