Site icon 24 News Update

सिंधी-सिख समाज ने मिलकर किया नववर्ष रैली का अभिनंदन

Advertisements

उदयपुर। भारतीय नववर्ष (विक्रम संवत 2083) के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य शोभायात्रा का रविवार को बापू बाजार स्थित बैंक तिराहा पर जोरदार स्वागत किया गया। यह आयोजन झुलेलाल सेवा समिति के तत्वावधान में सिंधी और सिख समाज के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।

झुलेलाल सेवा समिति के अध्यक्ष प्रताप राय चुघ ने बताया कि रविवार शाम 6 बजे सिंधी सेंट्रल युवा सेवा समिति द्वारा हिंदू नववर्ष रैली का भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही शोभायात्रा बैंक तिराहा पहुंची, वहां मौजूद सिंधी और सिख समाज के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया। फूलों की वर्षा और उत्साह के बीच वातावरण भक्तिमय हो गया और नववर्ष की खुशियां साझा की गईं।

सिंधी सेंट्रल युवा सेवा समिति के अध्यक्ष विजय आहुजा और महासचिव मुकेश खिलवानी ने बताया कि इस स्वागत कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी रही। दोनों समाजों के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक तरीके से रैली का स्वागत कर सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि गांधी ग्राउंड से प्रारंभ होकर टाउन हॉल तक पहुंची इस भव्य शोभायात्रा में शंखनाद के साथ आस्था और संस्कृति की गूंज सुनाई दी। भारतीय नव वर्ष समाजोत्सव समिति द्वारा आयोजित इस यात्रा में आकर्षक झांकियां, संतों का सानिध्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं।

विशेष रूप से “रेपरिया बालम” फेम अशोक विश्नोई की प्रस्तुति ने युवाओं में जबरदस्त उत्साह भर दिया।

इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच सहित शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का भी विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों और स्वागतकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version