Site icon 24 News Update

पर्यावरण संरक्षण व सिंधी एकता के संदेश के साथ निकलेगी ‘सिंधी एकता रैली’,15 को फतेहसागर पर होगा वॉकाथॉन आयोजन

Advertisements

24 News Update उदयपुर। सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल के पावन जन्मोत्सव चेटीचंड महोत्सव के उपलक्ष्य में इस वर्ष सिंधी समाज द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सिंधी एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने हेतु भव्य सिंधी एकता रैली एवं वॉकाथॉन का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में समाज के कार्यकर्ताओं की आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में जानकारी देते हुए कार्यक्रम के संयोजक संजय खथूरिया ने बताया कि शहर के सभी सिंधी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 15 मार्च 2026, रविवार को प्रातःकाल फतेहसागर झील क्षेत्र में यह विशेष आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गत वर्ष आयोजित कार्यक्रम को समाजजनों का अत्यंत उत्साहपूर्ण सहयोग मिला था तथा आयोजन शानदार एवं ऐतिहासिक रूप से सफल रहा था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष कार्यक्रम को पर्यावरण जागरूकता से जोड़ते हुए आयोजित किया जा रहा है।
संयोजक कपिल नाचानी ने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य सिंधी समाज की एकजुटता को सशक्त करना, युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता उत्पन्न करना है। रैली में समाज के महिला-पुरुष, युवा, बच्चे एवं वरिष्ठजन बड़ी संख्या में भाग लेते हुए स्वरूप सागर गेट से फतेहसागर पाल तक सामूहिक वॉक करेंगे। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ पर्यावरण, जल संरक्षण एवं हरित उदयपुर के संदेश के साथ समाज की एकता एवं भाईचारे का प्रदर्शन किया जाएगा। सभी प्रतिभागी एक समान रंग की टी-शर्ट एवं टोपी पहनकर शामिल होंगे, जिससे संगठित समाज की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। समाज पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन केवल एक रैली नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी, सांस्कृतिक गौरव एवं सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बनेगा। चेटीचंड महोत्सव के अवसर पर आयोजित यह सिंधी एकता रैली नई पीढ़ी में सामाजिक एवं पर्यावरणीय चेतना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
आयोजकों ने समाज के सभी परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है। यह आयोजन शहर में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक एकता का प्रेरणादायी संदेश प्रदान करेगा।
बैठक की अध्यक्षता समाज प्रमुख व पूर्व राज्य मंत्री
हरीश राजानी ने की।

Exit mobile version