24 News Update अलवर। प्रशासनिक गलियारों में बुधवार को एक सादगी भरा लेकिन खास पल देखने को मिला, जब अलवर के एसडीएम माधव भारद्वाज और गुजरात के जामनगर की एसडीएम अदिति वासने ने विवाह रजिस्ट्रेशन कराकर जीवनसाथी बनने की औपचारिकता पूरी की। न बैंड-बाजा, न पंडित और न ही बाराती—दूल्हा-दुल्हन अपने-अपने परिवार के साथ सीधे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। विवाह डॉ. अर्तिका शुक्ला के समक्ष रजिस्टर हुआ। कलेक्टर के चैंबर में ही IAS वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। शादी की खबर लगते ही कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी भी शुभकामनाएं देने पहुंच गए। बताया गया कि समारोह में दोनों पक्षों से केवल माता-पिता और भाई-बहन मौजूद थे। विवाह के बाद नवदंपती कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हो गए।
IAS ट्रेनिंग में हुई थी मुलाकात
एसडीएम माधव भारद्वाज मूल रूप से मसूरी के निवासी हैं, जबकि अदिति वासने बरेली से हैं। दोनों की मुलाकात IAS ट्रेनिंग के दौरान हुई थी, दोस्ती पसंद में बदली और अब यह रिश्ता विवाह में परिणत हुआ।
अदिति पहले प्रयास में IAS
अदिति वासने ने 2023 में पहले प्रयास में 57वीं रैंक हासिल की। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज से बीए (ऑनर्स) किया और वर्तमान में गुजरात के जामनगर में प्रांत अधिकारी हैं।
माधव का कॉरपोरेट से प्रशासन तक का सफर
माधव भारद्वाज की 2023 में 536वीं रैंक आई। उन्होंने एनआईटी प्रयागराज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक और आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए किया। इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट में नौकरी के साथ सिविल सेवा की तैयारी की।
अलवर में सादगी से रजिस्टर्ड मैरिज: दो IAS अधिकारी बने हमसफर, न बैंड-बाजा न बारात

Advertisements
