24 News Update गुरुग्राम। पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने बुधवार को गुरुग्राम पहुंचकर अपनी पत्नी सोफी शाइन के साथ विवाह का आधिकारिक पंजीकरण कराया। दोनों ने गुरुग्राम स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में पहुंचकर मैरिज डॉक्यूमेंट्स पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
रजिस्ट्रार ऑफिस में शिखर धवन डार्क ब्लू टी-शर्ट और सनग्लासेज में नजर आए, जबकि सोफी शाइन लाइट स्काई ब्लू टॉप में दिखाई दीं। दस्तावेजों पर हस्ताक्षर के दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच हल्का-फुल्का मजाक भी देखने को मिला। सोफी के साइन करने के दौरान पीछे खड़े एक व्यक्ति ने मजाकिया अंदाज में कहा, “पंडित का फोटो आ रहा है या नहीं”, जिस पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
जानकारी के अनुसार शिखर धवन और सोफी शाइन ने 12 जनवरी को सगाई की थी। इसके बाद 21 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में एक निजी समारोह में दोनों ने शादी की थी। शादी समारोह की एक वीडियो क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसमें सभी “मौजां ही मौजां” गाने पर डांस करते नजर आए थे।
बताया जा रहा है कि शिखर धवन और उनकी पत्नी गुपचुप तरीके से गुरुग्राम के विकास सदन स्थित मैरिज रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे थे। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शिखर ने वहां मौजूद कुछ लोगों से बातचीत भी की।
गौरतलब है कि शिखर धवन ने फरवरी 2025 में गुरुग्राम के सेक्टर-54 स्थित डीएलएफ के अल्ट्रा लग्जरी प्रोजेक्ट ‘द डाहलियास’ में करीब 69 करोड़ रुपए में एक आलीशान अपार्टमेंट खरीदा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लगभग 6,040 वर्गफुट में फैले इस अपार्टमेंट में पांच कार पार्किंग और निजी एलिवेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
शिखर धवन ने गुरुग्राम में कराई मैरिज रजिस्ट्रेशन, पत्नी सोफी शाइन संग किए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर

Advertisements
