24 News Update चित्तौड़गढ़ । जिले के बेगूं क्षेत्र के पारसोली गांव में एक बेहद डरावनी और असामान्य घटना सामने आई, जहां मधुमक्खियों के हमले ने शोकसभा को मातम में बदल दिया। पहले एक बुजुर्ग की जान गई, और फिर उनके अंतिम संस्कार के दौरान हुए हमले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, 80 वर्षीय जमनेश पर मंगलवार को मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उन्हें चित्तौड़गढ़ लाया गया, जहां बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद जब ग्रामीण उनके अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला बोल दिया।
हमला इतना तेज था कि लोग शव को वहीं छोड़कर जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। कोई पेड़ों के पीछे छिपा, तो कोई खुले मैदान की ओर दौड़ पड़ा। देखते ही देखते श्मशान घाट और उसके आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस हमले में करीब 50 लोग घायल हुए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई गई। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया। इलाज के दौरान 75 वर्षीय भवानी शंकर ने भी दम तोड़ दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया और तहसीलदार गोपाल जीनगर मौके पर पहुंचे। मधुमक्खियों के खतरे को देखते हुए अधिकारियों ने विशेष सावधानी बरतते हुए कुछ लोगों को PPE किट पहनाकर श्मशान घाट भेजा, जिनकी मदद से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करवाई गई।
श्मशान में मौत का साया: मधुमक्खियों का फिर हमला, PPE किट में हुआ अंतिम संस्कार; 2 की मौत, 50 घायल

Advertisements
