उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की इकाई-I एवं इकाई-II के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ 23 फरवरी से हुआ। यह शिविर 1 मार्च तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत स्वयंसेवक विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेंगे।
शिविर के पहले दिन विद्यार्थियों ने परिसर को ही सेवा का पहला मैदान बनाया। स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। कक्षाओं, प्रांगण और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर उन्होंने स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया तथा अन्य विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्नेहा सिंह एवं डॉ. कल्पेश निकावत ने बताया कि शिविर के दौरान सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, कानूनी जागरूकता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर विधि महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रोफेसर आनंद पालीवाल ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, अनुशासन और समाज के प्रति दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल सात दिन ही नहीं, बल्कि जीवनभर सेवा की भावना को अपनाएं।
वहीं विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. राजश्री चौधरी ने शिविर के प्रथम दिवस का निरीक्षण कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
सात दिवसीय इस शिविर के माध्यम से विधि महाविद्यालय के विद्यार्थी समाज सेवा के साथ-साथ नेतृत्व, टीमवर्क और सामाजिक संवेदनशीलता के गुणों को भी विकसित करेंगे।

