24 News Update उदयपुर। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक महामहिम गुलाबचंद कटारिया के 82वें जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा उदयपुर देहात द्वारा सेक्टर 13 स्थित आशीष वाटिका में भव्य स्वागत समारोह एवं नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल कटारिया ने कार्यकर्ताओं को राजनीति में दिखावे और प्रभाव से दूर रहकर सेवा और समर्पण के भाव से काम करने का संदेश दिया।
भाजपा उदयपुर देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में देहात की सभी विधानसभाओं के वरिष्ठ भाजपा नेता, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और नागरिक गण उपस्थित रहे। स्वागत समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा और मेवाड़ी पाग भेंट कर कटारिया का अभिनंदन किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष गुणवंत सिंह झाला, तख्त सिंह शक्तावत, भवर सिंह पंवार, चंद्रगुप्त सिंह चौहान, सुंदर लाल भानावत तथा विधायकों वल्लभनगर के उदय लाल डांगी, सलूंबर की शांता देवी मीणा, गोगुंदा के प्रताप लाल गमेती, धरियावद की कन्हैया लाल मीणा और मावली की कृष्ण गोपाल पालीवाल ने एक-एक किलो की माला और प्रतीक चिन्ह भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया।
कार्यक्रम में बोलते हुए राज्यपाल कटारिया ने कहा कि राजनीति चमक-दमक और दिखावे के लिए नहीं होती। उन्होंने कहा कि भाजपा में हजारों तपस्वी कार्यकर्ताओं ने अपने खून-पसीने की मेहनत से पार्टी को आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनका कहना था कि यदि राजनीति में पैसा, गाड़ी और तामझाम को महत्व दिया गया तो विचारधारा आगे नहीं बढ़ पाएगी।
राज्यपाल ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने के लिए कहा कि व्यक्तित्व निर्माण और बौद्धिक क्षमता का विकास अनिवार्य है। उन्होंने चेताया कि जो नेता सतत संवाद और संपर्क की परंपरा छोड़ देते हैं, वे केवल हवाई नेता बन जाते हैं।
राज्यपाल कटारिया ने कार्यक्रम में करीब 1 घंटे 30 मिनट तक भाग लिया और लगभग 25 मिनट तक अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विभिन्न पंचायत समितियों के प्रधान, नगर निकाय अध्यक्ष, प्रतिपक्ष नेता तथा भाजपा के जिला, प्रदेश और मंडल स्तर के अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
राजनीति में सेवा, समर्पण और बौद्धिक क्षमता जरूरी: राज्यपाल कटारिया का भाजपा कार्यकर्ताओं को संदेश

Advertisements
