24 News Update बीकानेर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति पद पर डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की अनुशंसा पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े द्वारा की गई।
डॉ. दुबे राजस्थान कृषि महाविद्यालय में अधिष्ठाता पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं तथा कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में लंबा अनुभव रखते हैं। वे महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में कई उच्च पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
एक प्रख्यात मक्का वैज्ञानिक के रूप में डॉ. दुबे की पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रही है। उन्होंने मक्का एवं औषधीय पौधों की 15 से अधिक उन्नत किस्मों का विकास किया है। इसके साथ ही उनके 250 से अधिक शोध पत्र एवं वैज्ञानिक आलेख राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
डॉ. दुबे अब तक 30 से अधिक एम.एससी. एवं पीएच.डी. विद्यार्थियों का शोध मार्गदर्शन कर चुके हैं। वर्तमान में वे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर की प्रबंध मंडल एवं प्राध्यापक चयन समिति के सदस्य हैं।
इसके अतिरिक्त वे महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में राज्यपाल के सदस्य के रूप में चयन समिति में, श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर में प्रबंध मंडल एवं चयन समिति में तथा श्री दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में कुलपति चयन समिति के सदस्य के रूप में कार्य कर चुके हैं। अनुसंधान कार्यों के सिलसिले में उन्होंने देश-विदेश में कई शैक्षणिक यात्राएं भी की हैं।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.