जयपुर। ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 3 जोड़ी साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन का निर्णय लिया है। खातीपुरा–हावड़ा, जोधपुर–आसनसोल और मदार–कोलकाता रूट पर ये विशेष ट्रेनें सीमित अवधि के लिए चलाई जाएंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन अप्रैल से मई 2026 के बीच किया जाएगा, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी।
खातीपुरा–हावड़ा स्पेशल (09707/09708)
यह ट्रेन 15 अप्रैल से 29 अप्रैल तक खातीपुरा से प्रत्येक बुधवार शाम 5 बजे रवाना होकर गुरुवार रात 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में 17 अप्रैल से 1 मई तक हावड़ा से हर शुक्रवार रात 12:15 बजे चलकर शनिवार सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
जोधपुर–आसनसोल स्पेशल (04819/04820)
यह सेवा 14 अप्रैल से 28 अप्रैल तक जोधपुर से प्रत्येक मंगलवार शाम 5 बजे रवाना होकर गुरुवार सुबह 4:55 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आसनसोल से हर गुरुवार सुबह 7:55 बजे चलकर शुक्रवार शाम 6:45 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
मदार–कोलकाता स्पेशल (09605/09606)
यह ट्रेन 17 अप्रैल से 1 मई तक मदार से हर शुक्रवार सुबह 10:45 बजे रवाना होकर शनिवार रात 9:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में 19 अप्रैल से 3 मई तक कोलकाता से हर रविवार रात 12:50 बजे चलकर सोमवार दोपहर 2 बजे मदार पहुंचेगी।
तीनों रेलसेवाएं मार्ग में प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेंगी और इनमें एसी, स्लीपर व सामान्य श्रेणी के विभिन्न कोच उपलब्ध रहेंगे।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले आरक्षण की स्थिति की जांच कर लें और स्पेशल ट्रेनों का अधिकतम लाभ उठाएं।

