24 News Update उदयपुर। शहर में फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ रविवार, 1 मार्च को रंगोथोन 7.0 साइकिल मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन सुबह 6 बजे फतेहसागर झील की पाल (देवाली साइड) से शुरू होकर रानी रोड, शिल्पग्राम, उदयपुर, बड़ी गांव और मोया चौराहा होते हुए फेरनियो का गुड़ा स्थित अमृतम बाग रिसोर्ट पर समाप्त होगी।
कार्यक्रम का आयोजन बिंदास फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। मैराथन को हरी झंडी दिखाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में नमित मेहता (जिला कलेक्टर), योगेश गोयल (पुलिस अधीक्षक) और शशिकांत खेतान (चेयरमैन, एस.के. खेतान ग्रुप) उपस्थित रहेंगे।
इवेंट ऑर्गेनाइजर भेरू शर्मा ने बताया कि करीब 15 किलोमीटर लंबी इस साइकिल मैराथन में हर आयु वर्ग के 500 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि रंगोथोन का आयोजन पिछले छह वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को साइकिलिंग के प्रति प्रेरित करना, फिटनेस को बढ़ावा देना तथा प्राकृतिक रंगों से होली खेलने के लिए जागरूक करना है, ताकि केमिकल मुक्त होली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके। यह आयोजन एस.के. खेतान ग्रुप के सहयोग से कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी प्राकृतिक रंगों और फूलों से होली खेलकर उत्सव मनाएंगे।
रंगोथोन 7.0 साइकिल मैराथन कल, 15 किमी की राइड से फिटनेस और केमिकल मुक्त होली का संदेश

Advertisements
