24 News Update चित्तौड़गढ़। 69वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता (अंडर-19 वर्ग) में राजस्थान की टीम ने अपनी दमदार खेल भावना और अनुशासन का परिचय देते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस शानदार उपलब्धि में चित्तौड़गढ़ जिले के पांच खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा, जो राज्य का मान बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते रहे।
राजस्थान की उपविजेता टीम में शामिल ये पांच खिलाड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुरोहितों के सांवता के छात्र हैं। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक जवान सिंह चुंडावत ने बताया कि प्रतियोगिता गुजरात के सोमनाथ में 27 से 31 जनवरी तक आयोजित की गई थी। फाइनल मुकाबले में राजस्थान और गुजरात के बीच रोमांचक खेल देखने को मिला। 4 गोल के अंतर से राजस्थान को हार मिली, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में टीम का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। सेमीफाइनल में राजस्थान ने हरियाणा को 25-14 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।
राजस्थान की ओर से पुरोहितों के सांवता के खिलाड़ी— अंकित अहीर, कमलेश सुथार, दीपक अहीर, कमलेश अहीर और गोपाल अहीर ने टीम भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का लोहा मनवाया। कोच दलिप चौधरी, टीम मैनेजर भगवान भादू, सहायक कोच शिवराज श्रृंगी और दलाधिपति राजेश कुमार ओझा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राज्य का नाम गर्व से रोशन किया। खेल उत्साह बढ़ाने के लिए प्रतियोगिता स्थल पर रतन अहीर, द्वारकाप्रसाद गदिया, जगदीश समदानी और बद्री जाट भी मौजूद रहे।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर चित्तौड़गढ़ का नाम: शारीरिक शिक्षक जवान सिंह चुंडावत ने यह भी बताया कि इसी विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ी रितेश अहीर का चयन आगामी अप्रैल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्कूल गेम्स हैंडबॉल प्रतियोगिता (अंडर-17) के लिए हुआ है। रितेश का चयन कर्नाटक में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान हुआ था और अब वे देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना कौशल दिखाएंगे।
राष्ट्रीय हैंडबॉल में राजस्थान ने जीता सिल्वर, चित्तौड़गढ़ के पांच खिलाड़ी चमके

Advertisements
