उदयपुर, 17 जनवरी।राजस्थान ने स्कूल स्तर की राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में इतिहास रचते हुए पहली बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। एसजीएफआई एवं पीएम श्री फतह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सूरजपोल के संयुक्त तत्वावधान में उदयपुर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता (अंडर-19 छात्र वर्ग) के फाइनल मुकाबले में राजस्थान ने उड़ीसा को 3-2 से हराकर नेशनल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। उड़ीसा को रजत जबकि पंजाब को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। शनिवार सुबह 10:30 बजे खेलगांव स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान पर खेले गए इस रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ ही उदयपुर सहित पूरे राजस्थान में खुशी की लहर दौड़ गई। मैच समाप्त होते ही सैकड़ों दर्शक मैदान में उतर आए और खिलाड़ियों, कोच, टीम मैनेजमेंट व आयोजकों को कंधों पर उठाकर भारत माता की जय के नारों के साथ जश्न मनाया। फाइनल मुकाबले का रोमांचक सफर राजस्थान टीम के प्रशिक्षक दिग्विजय सिंह राणावत ने बताया कि फाइनल का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर में राजस्थान ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए बढ़त बनाई। इसके बाद एक और मौका गंवाने के बावजूद राजस्थान ने दूसरा गोल दागकर 2-0 की मजबूत बढ़त हासिल की। मध्यांतर के बाद तीसरे क्वार्टर में राजस्थान ने तीसरा गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। उड़ीसा को इसके बाद एक के बाद एक चार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन राजस्थान के गोलकीपर के शानदार बचाव के चलते उड़ीसा कोई गोल नहीं कर सका। पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर उड़ीसा ने गोल कर स्कोर 3-1 किया। चौथे क्वार्टर में उड़ीसा ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और स्कोर 3-2 हो गया, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। अंततः राजस्थान ने बढ़त बनाए रखते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की। जीत के बाद मैदान बना उत्सव स्थल स्वर्ण पदक जीतते ही राजस्थान टीम के खिलाड़ियों ने अपने कोच दिग्विजय सिंह राणावत, फतह स्कूल के प्रधानाचार्य गजेंद्र आवोत, चीफ डे मिशन डॉ. गोविंद सिंह राठौड़, मैनेजर बलवंत चौधरी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद खिलाड़ियों ने पूरे हॉकी ग्राउंड का चक्कर लगाते हुए म्यूजिक पर जमकर डांस किया। दर्शक, प्रशिक्षक, हॉकी प्रेमी, आयोजक और शिक्षा अधिकारी भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने और जश्न में शामिल हुए। कांस्य पदक मुकाबला तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में पंजाब ने हिमाचल प्रदेश को 6-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। सम्मान समारोह में दिग्गजों की मौजूदगी समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व ओलंपियन अशोक ध्यानचंद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा एवं महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम प्रकोष्ठ के प्रमोद कुमार सुथार ने की।विशिष्ट अतिथियों में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक मुख्यालय) डॉ. लोकेश भारतीय, उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) लक्ष्मण सालवी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गिर्वा दुर्गेश मेनारिया, झाड़ोल सीबीईओ मोरध्वज व्यास, भाजपा खेल प्रकोष्ठ के दिलीप सिंह राठौड़, भाजपा युवा नेता किशन चौहान शामिल रहे। इससे पूर्व फाइनल मुकाबले के दौरान उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, राजस्थान हॉकी संघ के अध्यक्ष अरुण सारस्वत, पूर्व गिर्वा प्रधान तख्त सिंह शक्तावत, जीएसटी के संयुक्त आयुक्त रविंद्र सिंह चुंडावत, फतह स्कूल एसडीएमसी सचिव राव गोपाल सिंह आसोलिया, राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री डॉ. भैरू सिंह राठौड़, आयोजन सचिव धर्मेंद्र सिंह शक्तावत, डाइट व्याख्याता लक्ष्मण दास वैष्णव, हर्षवर्धन सिंह राव, आरएएस सुरेश खटीक सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। पुरस्कार व सम्मान मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया ने बताया कि अतिथियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए। साथ ही टेक्नीशियन, रेफरी और ग्राउंड स्टाफ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी देशपाल सिंह शक्तावत ने बताया कि मीडिया समिति द्वारा तैयार न्यूज स्मारिका “सफलता की कहानी – अखबारों की जुबानी” का विमोचन भी किया गया। विजेता राजस्थान टीम को अखिल कर्मचारी महासंघ (भा.म.स.) के अरविंद सिंह राव के नेतृत्व में 21,000 रुपये और स्निग्धा भनात की ओर से 11,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। उपविजेता उड़ीसा टीम को वरिष्ठ शारीरिक शिक्षिका क्वीना मेरी की ओर से 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का समापन ध्वज अवतरण के बाद राष्ट्रगान के साथ 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता का विधिवत समापन हुआ। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मोहनलाल मेघवाल ने समस्त स्टाफ, रेफरी, अतिथियों और मीडिया समूह का आभार व्यक्त किया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation UDA अफसरों का खेल: रिसॉर्ट-होटल की परमिशन की जानकारी देने से किया इनकार, कहीं पूरी दाल तो काली नहीं?? उदयपुर में शुरू हुआ प्रेम प्रसंग, बांसवाड़ा में हो गई गर्भवती, माह के भ्रूण को सड़क किनारे नाली में फेंक दिया