24 News Update जयपुर। खाटूश्याम जी में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षित, सुव्यवस्थित रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक अमिताभ ने की।
बैठक में मेले के दौरान संभावित यात्री भार, स्पेशल ट्रेनों का संचालन, यात्री सुविधाओं का विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने कहा कि रींगस रेलवे स्टेशन उत्तर पश्चिम रेलवे का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जो रेलवे राजस्व में चौथे स्थान पर है, जबकि जयपुर मंडल में इसका दूसरा स्थान है। खाटूश्याम जी मेला प्रदेश का प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार महाप्रबंधक ने विभागाध्यक्षों और जयपुर मंडल को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव देना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त यात्री भार को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों के संचालन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। प्रमुख स्टेशनों से रींगस की ओर विशेष रेल सेवाएं चलाने, नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने तथा अनारक्षित कोचों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया गया। इसके साथ ही ट्रेनों के समयपालन और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी चर्चा हुई।
महाप्रबंधक अमिताभ ने रींगस स्टेशन पर यात्रियों को सुगम टिकट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, एटीवीएम मशीनें लगाने और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशन पर नियमित उद्घोषणा, पर्याप्त सुरक्षाकर्मी और हेल्पडेस्क बूथ स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और GRP के साथ समन्वय मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी सुदृढ़ करने, भीड़ प्रबंधन के लिए होल्डिंग एरिया और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वच्छता के मोर्चे पर स्टेशन परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। महाप्रबंधक ने सभी विभागाध्यक्षों को मेले की अवधि के दौरान नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
बैठक में जयपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
खाटूश्याम जी मेले को लेकर रेलवे अलर्ट मोड पर, उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक

Advertisements
