उदयपुर, 6 मार्च। पुलिस मुख्यालय, राजस्थान, जयपुर की ओर से 12वीं बटालियन आरएसी (आईआर) दिल्ली में कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) के 79 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत रिव्यू कमेटी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 9 मार्च को विकासपुरी, नई दिल्ली स्थित आरएसी मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा।
कमांडेंट केवलराम ने बताया कि भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और शारीरिक मापतौल परीक्षा 8 दिसंबर 2025 को राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर में आयोजित की गई थी। इसके बाद गठित चयन बोर्ड ने 79 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण—दस्तावेज सत्यापन, चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण—के लिए चयन सूची में शामिल किया था।
इनमें से 5 अभ्यर्थी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुए। उनके स्थान पर 20 फरवरी 2026 को गठित बोर्ड द्वारा रिव्यू की कार्रवाई की गई, जिसमें 5 अन्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयन सूची राजस्थान पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध है। साथ ही यह सूची कार्यालय कमांडेंट 12वीं बटालियन आरएसी (आईआर) विकासपुरी, नई दिल्ली तथा रियर मुख्यालय देबारी, उदयपुर के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा की गई है।
रिव्यू प्रक्रिया से चयनित सभी अभ्यर्थियों की अगली प्रक्रिया—दस्तावेज सत्यापन, चरित्र सत्यापन एवं स्वास्थ्य परीक्षण—9 मार्च को सुबह 11 बजे विकासपुरी, दिल्ली स्थित 12वीं बटालियन आरएसी मुख्यालय में होगी।
चयनित अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, अंतिम शैक्षणिक संस्थान द्वारा जारी चरित्र प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र, दो राजपत्रित अधिकारियों द्वारा जारी चरित्र प्रमाण-पत्र (जो छह माह से अधिक पुराने न हों और रिश्तेदार द्वारा जारी न हों), दो फोटो पहचान पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र (एनसीसी, होमगार्ड, डिप्लोमा आदि), दहेज नहीं लेने संबंधी शपथ-पत्र, 1 जून 2002 या उसके बाद दो से अधिक संतान नहीं होने का शपथ-पत्र, एक से अधिक जीवित पति/पत्नी नहीं होने का शपथ-पत्र, आपराधिक गतिविधियों में शामिल नहीं होने का शपथ-पत्र, धूम्रपान/तंबाकू/शराब सेवन नहीं करने का शपथ-पत्र शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त यदि अभ्यर्थी राजकीय कर्मचारी है तो विभागाध्यक्ष द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण-पत्र तथा यदि अभ्यर्थी कर्तव्य का पालन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारी/कर्मचारी का आश्रित है तो संबंधित प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। साथ ही 10 पासपोर्ट साइज नवीनतम रंगीन फोटो, पीईटी-पीएसटी प्रवेश पत्र और कांस्टेबल पद के लिए किए गए ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रति भी साथ लानी होगी।

