24 News Update राजसमंद। जिले के भीम थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का शव गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तालाब से बरामद हुआ, जबकि मासूम बेटे के शव की तलाश देर शाम तक जंगलों में जारी रही। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
11 फरवरी से थे लापता
थाना प्रभारी सवाई सिंह के अनुसार, प्रियंका रावत (22) और उसका बेटा आर्यन (2) 11 फरवरी से लापता थे। परिजनों ने 12 फरवरी को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और प्रियंका की कॉल डिटेल्स खंगाली। जांच में गोविंद सिंह नामक युवक संदिग्ध के रूप में सामने आया।
पूछताछ में टूटा आरोपी, कबूला जुर्म
बुधवार रात आरोपी गोविंद सिंह को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने सनसनीखेज खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि पहले उसने प्रियंका की गला घोंटकर हत्या की, फिर शव पर पत्थर बांधकर भीम के तालाब में फेंक दिया। इसके बाद उसने मासूम आर्यन की हत्या कर उसका शव भीम से करीब 20 किलोमीटर दूर दर्रा क्षेत्र के जंगलों में फेंक दिया।
SDRF की मदद से निकला शव
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस ने SDRF टीम की सहायता से तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगभग एक घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद प्रियंका का शव तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, प्रियंका नौ महीने की गर्भवती थी। उसका पति पेशे से कुक है।
जंगलों में तलाश जारी
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और ग्रामीणों की मदद से भीम गांव के पास जंगलों में आर्यन के शव की तलाश की गई। दुर्गम इलाके के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ी।राजसमंद की पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपी गोविंद सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह पेशे से ड्राइवर है और मृतका प्रियंका के संपर्क में था।
गर्भवती महिला की तालाब में फेंककर हत्या, दो साल के बेटे को जंगल में मार डाला

Advertisements
