24 News Update प्रतापगढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत थाना रठांजना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक वांछित तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 08 ग्राम अवैध एमडी (मादक पदार्थ) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह जैतावत और पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में की गई।
वांछित अपराधी की तलाश में मिली सफलता
जिले में बाहरी अपराधियों की धरपकड़ और वांछित मुल्जिमों की तलाश के अभियान के तहत यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
थानाधिकारी घीसुलाल के नेतृत्व में रठांजना पुलिस टीम शनिवार, 18 अक्टूबर को जोधपुर पश्चिम जिले में वांछित आरोपी की तलाश में गांव साकरिया पहुंची।
मौके पर आरोपी आरिफ पठान पुत्र आदिल खान पठान (30), निवासी साकरिया के कब्जे से 1 किलो 08 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
जोधपुर के मामले में भी था वांछित
गिरफ्तार आरोपी आरिफ खान पुलिस थाना लूणी (जोधपुर पश्चिम) में दर्ज एक अन्य 500 ग्राम एमडी ड्रग्स के प्रकरण में भी वांछित था।
थाना रठांजना में उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।
प्रतापगढ़ पुलिस ने जोधपुर के वांछित तस्कर को दबोचा, 2 करोड़ की ड्रग के साथ गिरफ्तार

Advertisements
