Site icon 24 News Update

भीषण गर्मी में बिजली की आंख-मिचौनी: फुलिया कला में 5-5 घंटे की कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बिना सूचना कटौती से लोग परेशान, ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और गंभीर—बच्चे, बुजुर्ग व मरीज सबसे अधिक प्रभावित

Advertisements

24 News Update भीलवाड़ा. फुलिया कलां उपखंड में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति ने आमजन की परेशानी को और बढ़ा दिया है। रविवार को दिनभर बिजली की आंख-मिचौली जारी रही, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तेज गर्मी में जहां पारा लगातार ऊपर बना हुआ है, वहीं बार-बार बिजली गुल होने से घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए, जिससे हालात और भी मुश्किल हो गए।
शहरी क्षेत्र की तुलना में ग्रामीण इलाकों की स्थिति अधिक चिंताजनक बनी हुई है। यहां पिछले कई दिनों से 4 से 5 घंटे तक लगातार बिजली कटौती की जा रही है। किसान और मजदूर दिनभर की मेहनत के बाद जब शाम को घर लौटते हैं, तो उसी समय बिजली गायब हो जाती है, जिससे खाना बनाने और अन्य जरूरी कामों में बाधा उत्पन्न होती है। दिन में भी कई बार बिजली बंद रहने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के कटौती की जा रही है, जिससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है। खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को इस भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली आपूर्ति को नियमित और सुचारू बनाया जाए तथा यदि कटौती करनी हो तो पूर्व सूचना दी जाए, ताकि आमजन इस तपती गर्मी में कुछ राहत महसूस कर सके।

Exit mobile version