Site icon 24 News Update

मंदिर प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सतर्क पुलिस, तीन संदिग्ध जेबकतरे गिरफ्तार, वसुंधरा राजे की मौजूदगी के चलते सुरक्षा के थे विशेष इंतजाम

Advertisements

बांसवाड़ा। बांसवाड़ा जिले में आयोजित मंदिर प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए तीन संदिग्ध बदमाशों को हिरासत में लिया। कार्यक्रम में प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मौजूदगी के चलते सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

घाटोल थानाधिकारी रमेश पन्नू ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि तीन संदिग्ध युवक भीड़ में इधर-उधर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मौके से हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

थाने में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पेशेवर जेबकतरे हैं और भीड़भाड़ वाले धार्मिक व सार्वजनिक आयोजनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के दौरे और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारियां भी मिली हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भारी भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और नकदी चोरी करने की फिराक में थे।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद फारुख (53), लतिश खान (42) और जगदीश मेहरा (44) के रूप में हुई है। तीनों इंदौर के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के लिए इंदौर पुलिस से संपर्क किया गया है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब बांसवाड़ा पहुंचे थे और उनके साथ गिरोह के अन्य सदस्य भी सक्रिय थे या नहीं। पूछताछ और जांच जारी है।

अस्वीकरण (Disclaimer): इस समाचार के साथ प्रयुक्त चित्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा निर्मित है। इसका उद्देश्य केवल विषयवस्तु को स्पष्ट करना और पाठकों को बेहतर विजुअल अनुभव देना है। यह किसी वास्तविक व्यक्ति, स्थान या घटना का सटीक चित्रण नहीं करता है। हमारी संस्था एआई के ज़िम्मेदार उपयोग के प्रति प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version