Site icon 24 News Update

बांसवाड़ा में नारी शक्ति कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जमीन पर बैठीं, वसुंधरा ने की समझाइश

Advertisements

24 News Update बांसवाड़ा। भाजपा कार्यालय में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के दौरान मंच व्यवस्था को लेकर उत्पन्न स्थिति ने कार्यक्रम को चर्चा का विषय बना दिया। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शीतल भंडारी मंच पर स्थान नहीं मिलने से नाराज होकर कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठ गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत में वसुंधरा राजे ने मंच पर बैठे पुरुष पदाधिकारियों को नीचे बैठने का निर्देश देते हुए महिला कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति से जुड़े आयोजनों में महिलाओं को आगे स्थान मिलना चाहिए। इसी दौरान सामने बैठीं शीतल भंडारी ने मंच पर जगह नहीं मिलने पर आपत्ति जताई और खड़ी हो गईं।
स्थिति तब और संवेदनशील हो गई जब भंडारी ने मंच पर जाने के बजाय जमीन पर बैठना चुना। वसुंधरा राजे ने उन्हें कई बार “मेरी बहन” कहकर मंच पर बुलाया, लेकिन वह अपनी बात पर कायम रहीं। काफी देर तक चली समझाइश के बाद भी जब वह नहीं मानीं, तो राजे ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें आगे बोलने से रोक दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और भंडारी पुनः अपनी सीट पर बैठ गईं।
कार्यक्रम के दौरान एक अन्य असंतोष भी सामने आया, जब भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता निर्मला मकवाना कार्यक्रम बीच में छोड़कर चली गईं। उन्होंने मंच पर स्थान और सम्मान को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि संगठन में जिम्मेदारी होने के बावजूद उन्हें उचित स्थान नहीं दिया गया।
हालांकि कार्यक्रम के अंत में शीतल भंडारी ने स्पष्ट किया कि उनकी कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है और पार्टी उनके लिए सर्वोपरि है। पूरे घटनाक्रम ने जहां महिला भागीदारी को लेकर संदेश दिया, वहीं मंच प्रबंधन को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए।

Exit mobile version