24 News Update उदयपुर। ऑपरेशन “सुदर्शन चक्र-2” के तहत उदयपुर पुलिस ने एनडीपीएस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वर्ष से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश फिरोज खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा एवं वृताधिकारी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के सुपरविजन में भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्श कुमार और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 22 फरवरी 2025 को सूरजपोल थाना पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड के पीछे सौ फीट रोड पर कार्रवाई करते हुए सलूम्बर निवासी महेंद्र सिंह को 27.09 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। मामले की जांच के दौरान जनता मार्ग सूरजपोल निवासी कुंदन को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों को स्मैक सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी फिरोज खान पुत्र हामिद खान निवासी विरिया खेड़ी, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ घटना के बाद से फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी पर उदयपुर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क और अन्य सप्लायर्स के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सुदर्शन चक्र-2 में पुलिस को बड़ी सफलता, स्मैक सप्लायर फिरोज खान एक साल बाद दबोचा

Advertisements
